ग्राम पंचायत लालाना में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
बालोतरा, 15 जून। राजस्थान सरकार के जनकल्याणकारी अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत लालाना में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का समाधान करते हुए पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक हमीर सिंह भायल के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सेवाएं प्रदान कीं। पंचायत राज विभाग द्वारा 10 पट्टे जारी किए गए तथा 2 पात्र व्यक्तियों की पेंशन शिविर दिवस पर ही स्वीकृत की गई। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 6 पशुपालकों को बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं। वहीं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 4 पात्र परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु प्रोत्साहन राशि स्वीकृत करने की कार्रवाई की गई।
शिविर के दौरान एक दिव्यांग पेंशनधारी की लंबे समय से बंद पेंशन को पुनः प्रारंभ कराने का मामला प्रमुख रहा। संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से दस्तावेजों की जांच कर पेंशन बहाल करवाई गई, जिससे लाभार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन का आभार जताया।
इसी प्रकार ग्राम लालाना निवासी एक अन्य पात्र महिला की वृद्धावस्था पेंशन भी स्वीकृत की गई। शिविर में मौके पर ही पेंशन स्वीकृत होने पर लाभार्थियों ने सरकार एवं प्रशासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी, जिला महामंत्री मालाराम बावरी, जिला प्रवक्ता, पंचायत समिति समदड़ी के प्रधान प्रतिनिधि, उपखण्ड अधिकारी सिवाना, तहसीलदार समदड़ी, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विकास अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
शिविर के अंत में ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।
