बालोतरा, 15 जून। पंचायत समिति पाटोदी की ग्राम पंचायत डउकियोें का तला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं एवं आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने शिविर स्थल पर पहुंचकर सबसे पहले विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर प्राप्त आवेदनों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उन्होने विभागीय अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
शिविर में ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से उन्हें काफी सुविधा हो रही है तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।
इस अवसर पर विकास अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने शिविर को जनसेवा का प्रभावी माध्यम बताते हुए ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में लाभ लेने का आह्वान किया।
