तारबंदी से सुरक्षित हुई फसल, योजना ने किसान को दिया आत्मविश्वास और संबल
बालोतरा, 15 जून। ग्राम पंचायत गंगापुरा, पंचायत समिति पाटोदी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। शिविर में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र एवं प्रगतिशील किसानों को वित्तीय स्वीकृति पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि तहसीलदार पाटोदी रुस्तम खान एवं सहायक कृषि अधिकारी दीपेश कुमार ने कृषि विभाग की योजनाओं के अंतर्गत किसानों को स्वीकृति पत्र वितरित किए तथा उन्हें विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्राम गंगापुरा निवासी कृषक लाले खान पुत्र खिदुखान ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत उन्हें 48 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने अपने खेत की 400 मीटर सुरक्षा तारबंदी का कार्य पूर्ण कराया है।
कृषक लाले खान ने बताया कि पहले आवारा एवं जंगली पशुओं द्वारा उनकी फसलों को लगातार नुकसान पहुंचाया जाता था, जिससे उन्हें आर्थिक हानि उठानी पड़ती थी। खेत के चारों ओर कंटीली तारबंदी होने के बाद अब फसलें पूरी तरह सुरक्षित हैं और उत्पादन में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने न केवल उनकी खेती को सुरक्षा प्रदान की है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती दी है।
ग्रामीण सेवा शिविर में उपस्थित किसानों को अपनी बात कहते हुए लाले खान ने कहा कि कृषि विभाग की योजनाएं किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने अन्य कृषकों से भी विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ उठाने तथा अपनी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
शिविर में अधिकारियों ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान प्रावधानों एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी। किसानों ने ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ मिलने पर राज्य सरकार और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
