उन्नत नस्ल की सौगात से खिले ग्रामीणों के चेहरे, रिछोली में बकरा-बकरी वितरण बना उत्सव
बालोतरा, 15 जून । जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा संचालित पीएमकेएसवाई 2.0 परियोजना के तहत सोमवार को रिछोली गांव में आयोजित बकरा-बकरी यूनिट वितरण कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए उत्सव का अवसर बन गया। कार्यक्रम के दौरान गांव में मेले जैसा माहौल देखने को मिला तथा लाभार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया।
जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता घनश्याम सिंह राठौड़ ने बताया कि विभाग की पीएमकेएसवाई 2.0 परियोजना के उत्पादन मद अंतर्गत ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ करने एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बकरा-बकरी यूनिट का वितरण किया गया। ग्रामीणों की मांग एवं स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लाभार्थियों को उन्नत सिरोही नस्ल की यूनिट उपलब्ध कराई गई, जिससे भविष्य में पशुपालकों की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में एक परिवार को एक युनिट में 01 बकरा एवं 02 बकरी समेत कुल 40 युनिट बकरा-बकरी यूनिटों का वितरण किया गया। वितरण से पूर्व पशुपालन विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन गिरी द्वारा पशुओं का सत्यापन किया गया। साथ ही सभी पशुओं की टैगिंग एवं बीमा की प्रक्रिया पूर्ण कर लाभार्थियों को सुपुर्द किया गया। इसके लिए विशेष शिविर का आयोजन भी किया गया ताकि लाभार्थियों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
ग्राम पंचायत रिछोली के सरपंच प्रतिनिधि भवरू खां एवं जलग्रहण कमेटी सचिव अयूब खां ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली सिरोही नस्ल की यूनिट उपलब्ध कराना विभाग की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है। उन्होंने सभी लाभार्थियों की ओर से विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से पशुपालन गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। लाभार्थियों ने भी विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई उन्नत नस्ल की बकरा-बकरी यूनिटों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे उन्हें स्वरोजगार एवं अतिरिक्त आय का स्थायी साधन मिलेगा। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार लाभार्थियों ने स्वप्रेरणा से निर्धारित अंशदान भी जमा कराया।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के अधिशाषी अभियंता मनोज सुराणा, सहायक अभियंता विवेकानंद विद्यार्थी, कनिष्ठ अभियंता कर्तव्य नागौरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
