शाइन टुडे @सिवाना न्यूज:
सिवाना। थाना क्षेत्र के मवड़ी गांव में रविवार को एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर सिवाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मवड़ी गांव स्थित शराब की दुकान पर कार्यरत बाबूसिंह पुत्र धनसिंह निवासी बेस्डा, जिला जैसलमेर ने रविवार अल सुबह अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर सिवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल सिवाना लाया गया।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
