गैस सिलेंडर में रिसाव से लगी आग, कच्चा झोंपड़ा जलकर राख
महिला की सूझबूझ से परिवार के सदस्य सुरक्षित बचे, नकदी-जेवरात सहित घरेलू सामान स्वाहा
शाइन टुडे न्यूज नेटवर्क
14 जून 2026: सिवाना उपखंड के धीरा गांव में रविवार सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव होने से अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कच्चा झोंपड़ा और उसमें रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। महिला की सूझबूझ से परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।उपखंड क्षेत्र के धीरा गांव में रविवार अल सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव होने से भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में एक कच्चा झोंपड़ा जलकर राख हो गया तथा घर में रखा नकदी, जेवरात, कपड़े एवं अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया। गनीमत रही कि महिला की सूझबूझ और साहस के चलते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिवाना से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित धीरा गांव निवासी पोलाराम पुत्र सकाराम गर्ग अपने परिवार के साथ कच्चे झोंपड़े में रहता है। रविवार सुबह पोलाराम की पत्नी सतादेवी चाय बनाने के लिए रसोई में गई थीं। गैस चालू करते ही सिलेंडर में रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली।
आग की लपटें उठते ही सतादेवी ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए झोंपड़े में सो रहे बच्चों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को तुरंत बाहर निकाल लिया। इसके बाद आग ने पूरे कच्चे झोंपड़े को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। हालांकि तब तक झोंपड़े में रखा नकदी, जेवरात, कपड़े तथा अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।
इस घटना के बाद परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से उचित सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
