सिवाना/काठाड़ी। सिवाना विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत दिलाने की दिशा में विधायक हमीर सिंह भायल के प्रयासों से काठाड़ी गांव में ट्यूबवेल खुदाई का कार्य शुरू किया गया। विधायक भायल ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पेयजल समस्या को देखते हुए ट्यूबवेल खुदाई की स्वीकृति जारी करने की मांग जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग से की थी। इस संबंध में विधायक ने 6 अगस्त 2026 को विभागीय मंत्री को पत्र भेजकर काठाड़ी सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ट्यूबवेल खुदाई की स्वीकृति की मांग की थी।
विधायक की मांग के तहत काठाड़ी गांव में अब ट्यूबवेल खुदाई का कार्य शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। ट्यूबवेल से पानी उपलब्ध होने के बाद ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा बालोतरा जिला महामंत्री उषा राठौड़ काठाड़ी ने विधायक हमीर सिंह भायल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गांव में पेयजल की समस्या को लेकर विधायक से ट्यूबवेल की मांग की गई थी। विधायक ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मांग को आगे बढ़ाया और अब ट्यूबवेल खुदाई का कार्य भी शुरू हो गया है।
उषा राठौड़ ने कहा कि ट्यूबवेल बनने के बाद ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है तथा लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। उन्होंने इसके लिए विधायक सहित संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया।
