कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल को राष्ट्रीय दायित्व, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त
जसोल/बालोतरा। सामाजिक सरोकार, जनसेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों में विगत 12 वर्षों से सक्रिय कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भैरूसिंह चौहान ने महासभा का युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस महत्वपूर्ण दायित्व से मारवाड़ सहित क्षत्रिय समाज में हर्ष का वातावरण है।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा क्षत्रिय समाज की एकता, स्वाभिमान, सामाजिक उत्थान, युवा सशक्तिकरण तथा गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के संरक्षण-संवर्धन की दिशा में कार्यरत संगठन है। राष्ट्रीय स्तर पर कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल को यह महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया जाना उनके दीर्घकालीन सामाजिक जुड़ाव, सेवाभाव एवं संगठनात्मक सक्रियता के प्रति व्यक्त विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, श्री रावल मल्लीनाथ श्री राणी रूपादे संस्थान, तिलवाड़ा के ट्रस्ट सदस्य एवं प्रबंधन समिति अध्यक्ष, श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के समिति सदस्य एवं प्रवक्ता तथा श्री मल्लीनाथ गौशाला समिति के समिति सदस्य के रूप में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
अपने सामाजिक जीवन में वे शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के सहयोग, वृद्धजन एवं निराश्रितों की सहायता, विद्यार्थी प्रोत्साहन, खेल एवं युवा गतिविधियों, गौसेवा तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण-संवर्धन से जुड़े कार्यों में निरंतर सहभागिता निभाते रहे हैं।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, व्यापक वृक्षारोपण एवं हरित क्षेत्र विकास, जल संरक्षण, पारंपरिक जलस्रोतों एवं जलाशयों के संरक्षण-विकास, स्वच्छता अभियान तथा सार्वजनिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। विभिन्न अवसरों पर विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार तथा चिकित्सा एवं जनहित से जुड़े सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में भी वे सक्रिय रहे हैं।
सेवा, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं गौरवशाली विरासत के प्रति प्रतिबद्धता उनके सार्वजनिक जीवन के प्रमुख आधार रहे हैं। समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद के साथ युवा पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार, सामाजिक दायित्व, सेवा एवं राष्ट्रहित के रचनात्मक कार्यों से जोड़ने की दिशा में वे कार्यरत हैं।
महासभा में मिले इस राष्ट्रीय दायित्व के माध्यम से देशभर की क्षत्रिय युवा शक्ति को संगठित करने, शिक्षा एवं सामाजिक चेतना को प्रोत्साहित करने, युवाओं में नेतृत्व एवं सेवाभाव विकसित करने तथा क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, संस्कार, संस्कृति एवं विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल की नियुक्ति को मारवाड़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उनकी नियुक्ति पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, गणमान्यजनों, युवाओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
