अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सिवाना की नई कार्यकारिणी गठित
चेतन कुमार दवे बने खंड अध्यक्ष, अनिल सोनी ने की 20 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा
shine today सिवाना, 30 अगस्त। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) सिवाना खंड की साधारण सभा की बैठक पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिवाना में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, शिक्षक हितों की मजबूती, शैक्षिक गुणवत्ता एवं संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने सहित विभिन्न विषयों पर सार्थक मंथन किया गया। बैठक के दौरान नवीन खंड कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक के प्रारंभ में पूर्व खंड अध्यक्ष मनसुख लाल वैद्य ने पूर्व कार्यकारिणी को भंग करने की औपचारिक घोषणा की तथा संगठन को नई ऊर्जा, दिशा एवं गति प्रदान करने के उद्देश्य से नवीन कार्यकारिणी के गठन की बात कही। इसके पश्चात संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया।
खंड पालक अनिल कुमार सोनी ने नवीन कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए प्रधानाचार्य चेतन कुमार दवे को खंड अध्यक्ष, कन्हैयालाल शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल सिंह भीमगोड़ा को पुरुष उपाध्यक्ष तथा ममता सोनी को महिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
इसी क्रम में के.एल. सेन को खंड मंत्री, श्रीमती सोनम मीणा को महिला मंत्री तथा घनश्याम सोनी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सम्मिलित करते हुए 20 सदस्यीय नवीन खंड कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही उपस्थित सदस्यों ने नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक हित और संगठन विस्तार को मिलेगी प्राथमिकता
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा संगठन को विद्यालय स्तर तक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। उन्होंने संगठन की विचारधारा एवं उद्देश्यों को प्रत्येक शिक्षक तक पहुंचाने तथा सामूहिक सहभागिता से संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में खंड पालक अनिल कुमार सोनी, हनुमान प्रसाद दवे, उपप्रधानाचार्य वेलाराम, कमल सिंह, ईश्वर सिंह सोढ़ा, पूर्व खंड अध्यक्ष मनसुख लाल वैद्य, मीठालाल, महेश त्रिवेदी, मुकेश सोनी, मुकेश भाटी सहित जिला प्रतिनिधि हिम्मता राम चौधरी, ओमप्रकाश देवासी, जसवंत सिंह भायल, भूपेन्द्र कुमार सेन, नेमाराम जोशी, सेवानिवृत्त शिक्षक मदन लाल जोशी, अशोक श्रीमाली, शारीरिक शिक्षक अशोक भाटिया एवं जितेंद्र कुमार, राजेश शर्मा, जफर ख़ान, मालाराम सहित बड़ी संख्या में महिला शक्ति, संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता को उसकी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि संगठित शिक्षक ही शिक्षा और शिक्षक हितों के लिए प्रभावी आवाज बन सकते हैं। सभी सदस्यों ने नवीन कार्यकारिणी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने तथा संगठन को सिवाना खंड में और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का विश्वास दिलाया।
बैठक के समापन अवसर पर खंड मंत्री के.एल. सेन ने साधारण सभा में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों, महिला शक्ति एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
