आशीर्वाद समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक करेंगे शिरकत
बालोतरा। पूर्व विधायक स्वर्गीय चम्पालाल बांठिया की पोती के विवाह एवं आशीर्वाद समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणपत बांठिया ने बताया कि विवाह एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन शुक्रवार को बालोतरा स्थित केप टाउन रिसोर्ट में किया जाएगा। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया समारोह में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल कटारिया अपने प्रवास के दौरान वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा श्रवण यंत्र वितरण समारोह में भी भाग लेंगे। विवाह समारोह में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, संगठन महामंत्री, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, भारत सरकार के मंत्री, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों के भी शामिल होने की संभावना है।
जैन शिव भक्त मंडल के अध्यक्ष अशोक चोपड़ा ने बताया कि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया अपने दौरे के दौरान नाकोड़ा तीर्थ पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे तथा तीर्थ में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
इस भव्य विवाह एवं आशीर्वाद समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में अतिथियों के आगमन की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
