11 पैकेट अवधिपार बेकरी आइटम करवाए नष्ट, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
बालोतरा, 29 अक्टूबर। आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी तथा जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी टीम ने गुरुवार को पादरू कस्बे में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायत के आधार पर धनलक्ष्मी दूध डेयरी का निरीक्षण कर नमूने लिए गए। वहीं, मां नागणेची मिष्ठान भंडार और न्यू रॉयल स्वीट्स से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भिजवाए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत पादरू में कार्रवाई करते हुए धनलक्ष्मी दूध डेयरी का निरीक्षण किया। शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा मां नागणेची मिष्ठान भंडार और न्यू रॉयल स्वीट्स से भी नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान टीम ने 11 पैकेट अवधिपार बेकरी आइटम नष्ट करवाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी ने बताया कि आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होने आमजन से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री केवल लाइसेंसधारी या विश्वसनीय विक्रेताओं से ही खरीदें। पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेजिंग की तारीख, उपयोग की अंतिम तिथि और अन्य आवश्यक विवरण अवश्य जांचें। अवधिपार खाद्य सामग्री खरीदने या उसका सेवन करने से बचें। उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्रवाई के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरधारी राम, भोजराज सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
