मेली गांव के पास नीलगाय आने से पलटी दूध सप्लायर गाड़ी, दो गंभीर घायल
सिवाना। क्षेत्र के मेली गांव के पास समदड़ी रोड पर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे सड़क हादसा हो गया। समदड़ी की तरफ से सिवाना आ रही दूध डेयरी सप्लायर की गाड़ी के सामने अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। हादसे में चालक सहित गाड़ी में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सिवाना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें एक घायल की पहचान पारस के रूप में हुई है, जबकि दूसरा व्यक्ति बेहोशी की हालत में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया।
घायल नीलगाय का भी किया रेस्क्यू
हादसे में नीलगाय भी घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पशु प्रेमियों और मेली गांव के युवाओं ने मौके पर पहुंचकर नीलगाय का रेस्क्यू किया और उसे पशु चिकित्सालय सिवाना पहुंचाया। वहां पशु चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है।
