सिणधरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 401 किलो डोडा पोस्त बरामद, एसयूवी सहित 1 मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस जब्त
वाहन में मिलीं कई फर्जी नंबर प्लेट, मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
सिणधरी (बालोतरा): बालोतरा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिणधरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 401 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एसयूवी वाहन को जब्त करने के साथ वाहन की तलाशी में एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। वाहन में कई फर्जी नंबर प्लेट मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, तस्करी नेटवर्क और वाहन की वास्तविक पहचान के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा राजेश कुमार कॉवत आईपीएस ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी सिवाना गिरधरसिंह आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में सिणधरी थानाधिकारी शंकरलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता
पुलिस के अनुसार आज बुधवार को सिणधरी थाना पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए 401 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। तस्करी में प्रयुक्त कार (एसयूवी) को जब्त किया। वाहन की तलाशी के दौरान एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और कई फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
सिणधरी पुलिस ने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की, साथ ही पुलिस ने बरामद डोडा पोस्त के स्रोत, खरीद-फरोख्त, तस्करी नेटवर्क, वाहन की वास्तविक पहचान और मामले में संलिप्त आरोपियों के संबंध में गहन अनुसंधान कर रही है।
