जालोर प्रवास के दौरान बांठिया ने सुना ‘मन की बात’ का एपिसोड ,स्वच्छता, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश
बालोतरा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं पंचायतीराज चुनाव जालोर जिले के प्रभारी गणपत बांठिया ने जालोर जिले के प्रवास के दौरान आहोर विधानसभा के परालिया गाँव निवासी रवि सोनी के निवास स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री के संदेशों और देशवासियों के योगदान पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद संगीता यादव, जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित तथा पूर्व मंत्री एवं पशुपालन कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भूपेंद्र देवासी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वच्छता और जनभागीदारी पर दिया जोर:
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य व जालोर जिले के पंचायतीराज चुनाव प्रभारी बांठिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में स्वच्छता, जनभागीदारी, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने दिवाली एवं छठ पर्व के अवसर पर स्वच्छता बनाए रखने और जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही हिवेल नदी के पुनर्जीवन को जल संरक्षण की प्रेरणादायक मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में पंजाब की ‘नव-क्रांति’ पहल के माध्यम से प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के जरिए स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छता, जल संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
