बालोतरा में दर्दनाक सड़क हादसा: चार सगे भाइयों की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
बालोतरा: जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की मौत हो गई। पाटोदी कस्बे के निकट रोडवेज बस और कार के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार चारों भाई कालेवा गांव में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार के दरवाजे तोड़कर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चारों भाइयों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान जोगाराम (31), विशनाराम (29), रेखाराम (35) और उदाराम (39) जाति मेगवाल के रूप में हुई है। सभी मृतक कोड़का गांव के निवासी थे।
सूचना मिलने पर पचपदरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने चारों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
वही घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण और परिजनों ने पाटोदी सड़क पर जाम लगा दिया ओर पुलिस ओर प्रशासन से ग्रामीणों ने ड्राइवर की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। सूचना पर पचपदरा थाना अधिकारी गीता कुमारी मौके पर पहुंची। जहां गांव वालों से समझाइश की जा रही है।
