स्नेहा की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान, NCERT ई-पत्रिका में लेख चयनित—‘परीक्षा पर चर्चा’ से मिली प्रेरणा
बालोतरा। तुलसी किड्स स्कूल के लिए यह बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। विद्यालय की कक्षा 10 की मेधावी छात्रा स्नेहा ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। स्नेहा द्वारा लिखा गया लेख NCERT की प्रतिष्ठित ई-पत्रिका ‘सपनों की उड़ान’ की फरवरी 2026 संस्करण के “भारत परीक्षा विशेषांक” के लिए चयनित किया गया है, जो पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यह विशेषांक भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल के तहत प्रकाशित किया जाता है, जिसका उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों की रचनात्मकता, लेखन क्षमता और विचारों को मंच प्रदान करना है। स्नेहा का चयन उसकी मेहनत, समर्पण और मौलिक सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। उसके लेख में विद्यार्थियों के परीक्षा अनुभव, चुनौतियों और सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा भी विद्यार्थियों को परीक्षा को तनाव नहीं, बल्कि उत्सव के रूप में लेने की प्रेरणा देता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में मार्गदर्शन देते हैं। स्नेहा के लेख में भी इसी तरह की प्रेरणादायक सोच झलकती है, जो ‘परीक्षा पर चर्चा’ के संदेशों से मेल खाती है।
विद्यालय प्रबंधन ने स्नेहा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह न केवल स्कूल, बल्कि पूरे बालोतरा क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। शिक्षकों ने बताया कि स्नेहा शुरू से ही पढ़ाई के साथ-साथ लेखन और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रही है, और उसकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। तुलसी किड्स स्कूल परिवार ने स्नेहा को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही उम्मीद जताई है कि वह आगे भी इसी तरह अपनी प्रतिभा से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करती है ।
