रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने जनसभा स्थल पर की विशेष व्यवस्थाएं, मिस्ट सिस्टम लगने से गर्मी में भी मिलेगा ठंडक का अहसास, पेयजल व छाछ की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था
बालोतरा, 17 अप्रैल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 अप्रैल को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने जनसभा स्थल पर व्यापक और विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। गर्मी को ध्यान में रखते हुए आमजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक और पर्याप्त संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि पचपदरा रिफाइनरी के शुभारंभ कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए प्रशासन द्वारा बहुआयामी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि जनसभा स्थल पर पहली बार मिस्ट सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे गर्मी के मौसम में भी वातावरण में ठंडक बनी रहेगी। यह प्रणाली हवा में महीन जल कणों का छिड़काव कर तापमान को कम करती है, जिससे उपस्थित लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मिस्ट सिस्टम के साथ-साथ जनसभा स्थल पर बड़ी संख्या में डेजर्ट कूलर भी लगाए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से सभा स्थल का तापमान बाहरी वातावरण की तुलना में कम रहेगा, जिससे हजारों की संख्या में आने वाले लोगों को राहत मिल सके। जनसभा में शामिल होने वाले आमजन की सुविधा के लिए पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि जनसभा स्थल पर प्रत्येक ब्लॉक में 20 से 25 पानी के कैम्पर उपलब्ध रहेंगे। साथ ही पानी पिलाने के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलिटियर तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी व्यक्ति को पानी के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े। इसके अतिरिक्त गर्मी के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से छाछ की भी व्यापक व्यवस्था की गई है। सभा में आने वाले सभी आगंतुकों को छाछ उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे शरीर में ठंडक बनी रहे और गर्मी से संबंधित समस्याओं से बचाव हो सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आगमन को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है। प्रशासन ने पार्किंग स्थलों को इस प्रकार से चिन्हित किया है कि किसी भी दिशा से आने वाले लोगों को एक किलोमीटर से कम दूरी पैदल चलना पड़े। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सुविधा मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा की जा रही इन व्यापक तैयारियों का उद्देश्य कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और आमजन के लिए सुविधाजनक बनाना है। प्रशासन का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा।
