जिला प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने रिफाइनरी कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को कार्यों को अंतिम रूप देने के दिए निर्देश
बालोतरा, 17 अप्रैल।
21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को रिफाइनरी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने सभा स्थल, मंच निर्माण, पेयजल व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।
प्रभारी मंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा
व्यवस्थाओं पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में देश के
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा में किसी प्रकार की
लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी
समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश
दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभा स्थल पर आमजन की सुविधा के लिए छाया, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा से पूर्व पूर्ण कर लिया जाए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि यह
कार्यक्रम क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन
एवं सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने
अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करते रहें और
किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर करें। इस अवसर पर जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, विधायक डॉ. अरूण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी, स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत जिला स्तरीय
अधिकारी साथ रहें, जिन्होंने
प्रभारी मंत्री को अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने आश्वस्त
किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पहले पूर्ण कर कार्यक्रम को सफल बनाने के
लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
