बालोतरा, 25 अप्रैल। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के अंतर्गत शनिवार को ग्राम बूड़ीवाड़ा में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और आमजन से फीडबैक प्राप्त किया।ग्राम सभा का संचालन अधिकारियों के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में किया गया, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। सभा में ग्रामीणों ने खुले मंच पर अपनी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताएं रखीं, जिन पर अधिकारियों ने गंभीरता से विचार करते हुए समाधान का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत क्षेत्र में बेहतर कार्य हो रहा है, वहीं आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।इसके साथ ही ग्राम में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम स्वच्छता समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने और अपने आसपास का वातावरण साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी ने स्वयं ग्राम सभा में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित करना और जन-भागीदारी को मजबूत बनाना है। इस तरह की ग्राम सभाएं प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रही हैं।
