बालोतरा, 25 अप्रैल। गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के तहत पंचायत समिति सिणधरी क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित इंडिकेटर के अनुरूप कार्य करते हुए किसी भी परिस्थिति में आकांक्षी ब्लॉक सिणधरी किसी भी इंडिकेटर में स्टेट एवरेज से पीछे ना रहे।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने स्पष्ट कहा कि योजना के तहत स्वीकृत कार्यों का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी कार्यकारी एजेंसियां जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से आंगनवाड़ी, शिक्षा एवं पेयजल से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उपखंड अधिकारी सर्वेश्वर निंबार्क ने योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के मरम्मत के 20 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, जिन पर करीब 20 लाख रुपए व्यय हुए हैं। इसके साथ ही विद्यालयों में शौचालयों में पानी कनेक्शन हेतु मोटर लगाने के 10 कार्य भी पूरे हो चुके हैं।
हालांकि, आंगनवाड़ी केंद्रों में टांका निर्माण के 50 कार्यों में से केवल 12 कार्य ही प्रगति पर हैं, जबकि 38 कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हो सके हैं। इस पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसियों को तुरंत कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार विद्यालयों में शौचालय निर्माण के 70 कार्यों में से मात्र 15 कार्य ही चालू हैं और शेष कार्य लंबित पड़े हैं। इस पर भी उन्होंने सख्ती दिखाते हुए सभी शौचालयों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
बैठक में बताया गया कि बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा वेट मशीन खरीद का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं चिकित्सा विभाग के अंतर्गत सब सेंटरों में फर्नीचर एवं विद्युत उपकरणों की खरीद भी पूरी हो चुकी है और इनके बिल जिला कलक्टर कार्यालय को भेजे जा चुके हैं। हालांकि मेडिकल उपकरण खरीद का कार्य अभी प्रक्रियाधीन है और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वित्तीय प्रगति पर जानकारी देते हुए बताया गया कि योजना के तहत कुल 1.5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 122 लाख रुपए सिविल कार्यों एवं 28 लाख रुपए क्रय कार्यों के लिए निर्धारित हैं। सिविल कार्यों में अब तक करीब 21.25 लाख रुपए के बिल प्रस्तुत किए जा चुके हैं, जबकि अधिकांश कार्य अभी प्रगति पर हैं।
बैठक के अंत में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब सभी कार्य समय पर पूर्ण होकर आमजन को लाभ पहुंचाएं।इस दौरान उपखंड अधिकारी सर्वेश्वर निंबार्क, मुख्य आयोजना अधिकारी नखताराम ईसराम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
