विधायक हमीर सिंह भायल एवं डॉ. अरुण चौधरी ने की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट
बालोतरा, 10 अप्रैल। सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल एवं पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर सिवाना एवं बालोतरा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में जल संकट की स्थिति से अवगत कराते हुए नर्मदा प्रोजेक्ट से जोड़ने के लिए विभाग द्वारा तैयार 407 करोड़ रुपये की डीपीआर पर शीघ्र आवश्यक निर्णय लेने का आग्रह किया।
भेंट के दौरान उन्होंने बताया कि सिवाना एवं बालोतरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की मौजूदा व्यवस्था बढ़ती मांग के अनुरूप पर्याप्त नहीं है, जिसके चलते आमजन को समय-समय पर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नर्मदा परियोजना से जुड़ाव इस क्षेत्र के लिए दीर्घकालीन समाधान साबित हो सकता है। मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के संकेत दिए।
विधायक सिवाना और पचपदरा ने क्षेत्र की पेयजल आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परियोजना को जल्द स्वीकृति देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान आगामी 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन प्रबंधन तथा जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
