जेसीबी से बरसाए फूल, ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी के बीच उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्ट: एम ताहिर, सिवाना
सिवाना। नव निर्वाचित जिला परिषद सदस्य गरिमा राजपुरोहित के गुरुवार शाम सिवाना पहुंचने पर गांधी चौक मुख्य मार्ग पर समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जेसीबी के माध्यम से फूलों की बारिश कर उनका अभिनंदन किया गया। वहीं 21 किलो की विशाल फूलमाला पहनाकर ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी के बीच जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में समर्थकों और क्षेत्रवासियों की भीड़ जुटी।
गरिमा राजपुरोहित के बालोतरा से सिवाना पहुंचने के दौरान रास्ते में जगह-जगह समर्थकों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। गांधी चौक पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में लोगों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।
गौरतलब है कि गरिमा राजपुरोहित ने राजनीतिक क्षेत्र में लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ओर से पहली बार पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा था, जिसमें जीत हासिल कर सिवाना पंचायत समिति की प्रधान बनीं। इसके बाद लगातार दो बार जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़कर जीत दर्ज की। उनकी लगातार चुनावी सफलताओं को लेकर समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
