गादीपति श्री नृत्य गोपालरामजी महाराज के सानिध्य में हुआ समारोह, जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत
रिपोर्ट: एम. ताहिर, सिवाना
सिवाना। ग्राम पंचायत भीमगोड़ा में गुरुवार को नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच का पदभार ग्रहण समारोह उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम सिवाना समाधि मंदिर के गादीपति श्री श्री 1008 नृत्य गोपालरामजी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
समारोह में नवनिर्वाचित सरपंच भंवरी देवी, सरपंच प्रतिनिधि ओमाराम भील एवं उपसरपंच नारायण सोलंकी सहित वार्ड पंच अमराराम माली, लीलादेवी, खसाराम देवासी, लुंबाराम, अर्जुनसिंह भाटी एवं बलवंतसिंह खींची उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व सरपंच उमेश सरगरा, ग्राम विकास अधिकारी श्रवण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का ग्रामीणों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में ग्रामीणों ने नई पंचायत टीम से गांव के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनहित के कार्यों को गति देने की उम्मीद जताई। नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने गांव में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने तथा सभी ग्रामीणों के साथ बिना किसी भेदभाव के समान व्यवहार करते हुए विकास कार्य करवाने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने नई पंचायत टीम को शुभकामनाएं देते हुए गांव के विकास में सहयोग का भरोसा दिलाया।
