बालोतरा जिले के सिवाना क्षेत्र के मोकलसर गांव में बुधवार दोपहर एक झोपे में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में झोपे में रह रहे 65 वर्षीय वृद्ध की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। आग की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपे में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मोकलसर गांव में एक झोपे में अचानक आग लग गई। आग लगने के समय 62 वर्षीय गोविंदराम हरिजन झोपे में अकेले थे। बताया गया कि गोविंदराम शारीरिक रूप से दिव्यांग थे और घटना के समय परिवार का कोई अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं था।
आग की लपटें तेज होने के बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक झोपे में मौजूद वृद्ध की आग में झुलसने से मौत हो चुकी थी।
सिवाना थानाधिकारी चंद्रसिंह ने बताया कि मोकलसर गांव में झोपे में अचानक आग लगने से वृद्ध गोविंदराम हरिजन की मौत हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिवाना उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।
