20 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से दिया नशा मुक्ति और खेलों को अपनाने का संदेश
बालोतरा, 9 अक्टूबर। भारत को नशामुक्त बनाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालोतरा में नशे को कहें ना, खेलों को कहें हां विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालोतरा जिले के 20 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से नशा मुक्ति और खेलों के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की ओर से बनाई गई पेंटिंग्स की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है, जबकि खेल जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ शारीरिक एवं मानसिक मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष के निजी सहायक नवनीत कौशिक उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन समिति एवं शिक्षा विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी घेवरचंद प्रजापत ने विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशा नहीं करने की शपथ भी दिलाई।
महिला पुलिस थाना की निरीक्षक शारदा विश्नोई तथा पुलिस थाना जसोल के निरीक्षक भंवर सिंह ने नशे और अपराध के बीच संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को अपराध की ओर धकेल सकती है। इससे न केवल उसका करियर और भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवार को भी आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की प्रेरणा दी।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार ने प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 प्रतिभागियों को संसद भवन एवं राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, दिल्ली का अध्ययन भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस भ्रमण का संपूर्ण व्यय राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष की ओर से वहन किया जाएगा।
इस अवसर पर राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं ओएसडी राजीव दत्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन भारत को नशामुक्त बनाना है। खेलों को जीवन में शामिल करके इस लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन चित्रकला प्रतियोगिता की जिला प्रभारी डॉ. रामेश्वरी चौधरी ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में संदर्भ व्यक्ति मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार पालीवाल, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, कार्यवाहक प्रधानाचार्य दौलत राज सोनगरा का सहयोग रहा।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।
-0-
