सिवाना के मेली गांव में 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर माला पहनाकर एवं शुभकामना प्रमाण-पत्र भेंट कर किया सम्मान
बालोतरा, 01 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर निर्वाचन विभाग की ओर से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सिवाना में 100 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के शतायु मतदाताओं के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में सिवाना विधानसभा क्षेत्र के मेली गांव में शतायु मतदाता श्रीमती वरजू देवी का सम्मान किया गया।
वरजू देवी के 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सिवाना उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत ने उन्हें माला पहनाकर तथा शुभकामना प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। शतायु मतदाता वरजू देवी के सम्मान को उनके दीर्घकालीन लोकतांत्रिक सहभागिता एवं निर्वाचन प्रक्रिया में योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया गया।
इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सिवाना उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत ने कहा कि शतायु मतदाताओं का सम्मान लोकतंत्र के प्रति उनकी दीर्घकालीन आस्था, निरंतर सहभागिता और अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और सामाजिक योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी हैं तथा उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे मतदाताओं का सम्मान न केवल उनके प्रति आदर प्रकट करता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करता है।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक भी उपस्थित रहे। निर्वाचन कार्मिकों ने शतायु मतदाता वरजू देवी को सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
