तीनों नगर पालिकाओं में भाजपा बोर्ड बनने पर विधायक ने जनता, कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों का जताया आभार
सिवाना। क्षेत्र की तीनों नगर पालिकाओं में भाजपा के बोर्ड बनने के बाद विधायक हमीर सिंह भायल ने क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के मुखिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे जनकल्याणकारी एवं विकास कार्यों पर देवतुल्य जनता ने विश्वास जताते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। इसके लिए वे क्षेत्र की जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
विधायक भायल ने कहा कि तीनों नगर पालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बनना जनता के विश्वास और पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने जीत का श्रेय जनता, पार्टी के श्रेष्ठ नेतृत्व, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दिया।
उन्होंने कहा कि “युवाओं के हाथों में कमान है और लगाम अनुभवी लोगों के हाथों में है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा नेतृत्व और अनुभवी मार्गदर्शन के समन्वय से नगर पालिकाओं में जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य होंगे तथा शहरी विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि भाजपा के निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
