सोमवार प्रातः 8 बजे से सभी नगर निकायों में होगी मतगणना, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए पारदर्शी एवं निष्पक्ष मतगणना के निर्देश
बालोतरा, 13 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत बालोतरा जिले में दो चरणों में संपन्न हुए नगर निकाय आम चुनाव 2026 की मतगणना सोमवार को प्रातः 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुशील कुमार यादव ने मतगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित तरीके से संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी मतगणना कार्मिकों को आवश्यक तैयारियों के साथ प्रातः 7 बजे तक अपने निर्धारित मतगणना केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना केंद्रों पर केवल अधिकृत प्रवेश पत्र धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसी प्रकार काउंटिंग एजेंट को भी बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निकायों में वार्डों की संख्या के अनुसार अलग-अलग राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी। नगर परिषद बालोतरा के 55 वार्डों की मतगणना 8 राउंड में तथा नगर पालिका जसोल के 20 वार्डों की मतगणना 5 राउंड में होगी। नगर पालिका समदड़ी के 25 वार्डों के लिए 5 राउंड, सिणधरी के 20 वार्डों के लिए 4 राउंड, सिवाना के 25 वार्डों के लिए 2 राउंड तथा गुडामालानी के 20 वार्डों के लिए 4 राउंड में मतगणना होगी। नगर पालिका धोरीमन्ना की मतगणना भी निर्धारित 4 राउंड में संपन्न करवाई जाएगी।
*इन केंद्रों पर होगी मतगणना*
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद बालोतरा एवं नगर पालिका जसोल की मतगणना एमबीआर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोतरा में होगी। नगर पालिका समदड़ी की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, समदड़ी, सिणधरी की बीटीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिणधरी, सिवाना की राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिवाना, गुडामालानी की राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुडामालानी तथा धोरीमन्ना की मतगणना शांति देवी उदयराज गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धोरीमन्ना में होगी।
जिला प्रशासन द्वारा मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा, प्रवेश, कार्मिकों की बैठक व्यवस्था सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों ने मतगणना में लगे सभी कार्मिकों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ मतगणना कार्य संपादित करने के निर्देश प्रदान किये है।
