सिवाना। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिवाना डॉ. गौरी शंकर जडेजा के निर्देशानुसार लंबे समय से प्राप्त हो रही शिकायतों के मद्देनज़र ग्राम महिलावास स्थित राघवी मेडिकल एण्ड जनरल स्टोर का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से क्लिनिक संचालित किया जा रहा था तथा बिना वैध अनुमति के मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
निरीक्षण दल में शांतिलाल परिहार (ड्रग इंस्पेक्टर, डीआई बाड़मेर) तथा डॉ. गणपतलाल परिहार, चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी मोकलसर अपनी टीम सहित शामिल रहे। टीम द्वारा मौके पर जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की दवाइयां एवं चिकित्सकीय सामग्री बरामद की गई, जिनके संबंध में आवश्यक दस्तावेज एवं वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
जांच में सामने आया कि नरपत गहलोत, संचालक राघवी मेडिकल एण्ड जनरल स्टोर, मेडिकल दुकान के साथ-साथ अवैध रूप से क्लिनिक संचालन एवं उपचार संबंधी गतिविधियां भी कर रहा था। ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा मेडिकल स्टोर के लाइसेंस एवं दवा भंडारण से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई तथा संदिग्ध एवं अवैध रूप से रखी गई दवाइयों को जब्त करने की कार्रवाई की गई
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध पूर्व में भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं तथा कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन अनियमितताओं में सुधार नहीं होने के कारण पुनः सख्त कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में झोलाछाप एवं अवैध चिकित्सा गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इस प्रकार की गतिविधियां आमजन के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हैं।
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरी शंकर जडेजा ने बताया कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिले में अवैध क्लिनिकों, झोलाछाप नीम हकीमो एवं नियम विरुद्ध चिकित्सा गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे केवल पंजीकृत एवं अधिकृत चिकित्सकों से ही उपचार लें तथा किसी भी अवैध चिकित्सा गतिविधि की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें।
