निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
एमबीआर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दिलाई मतदाता जागरूकता की शपथ
बालोतरा, 29 जुलाई। एम.बी.आर. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोतरा में बुधवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में नवप्रवेशित एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरदान राम ने संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निडर एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है और मतदान इसी भागीदारी का सबसे सशक्त माध्यम है।
निर्वाचन साक्षरता क्लब के प्रभारी परसराम सरगरा ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक युवा का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदाता बनने के साथ-साथ अपने परिवार, गली-मोहल्ले एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें तथा अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के अधिकार एवं नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि युवाओं में जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता बनने की भावना विकसित हो सके।
