निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों ने जानी निर्वाचन प्रक्रिया
लोकसभा चुनाव-2019 की लघु फिल्म दिखाकर मतदान के महत्व और चुनाव प्रक्रिया की दी जानकारी
बालोतरा, 29 जुलाई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार विद्यालय स्तर पर गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान के महत्व से परिचित करवाया गया।
इसी क्रम में बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरपुरा, जसोल, मोतीसरा, उंचियों की ढाणी, दाखा, वरिया वारेचा, बालोतरा, होडू, नाइयों की ढाणी तथा गुरुकुल अंग्रेजी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लोकसभा चुनाव-2019 पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन कर निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। फिल्म के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान केंद्र पर मतदान की प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट के उपयोग, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की व्यवस्था तथा प्रत्येक मत के महत्व को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया गया।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि भारत का लोकतंत्र प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से मजबूत होता है और मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दायित्व भी है। विद्यार्थियों को भविष्य में मतदाता बनने के लिए प्रेरित करते हुए चुनाव संबंधी जानकारी अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लघु फिल्म के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को रुचिपूर्वक समझा तथा मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की।
