बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
शाइन टुडे @सिवाना: महिला अधिकारिता विभाग, बालोतरा के तत्वावधान में ब्लॉक सिवाना में चल रहे तीन दिवसीय साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय,सिवाना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम सहायक निदेशक अंकिता राजपुरोहित के सानिध्य में आयोजित हुआ। प्रचेता हरजीराम चौधरी ने बालिकाओं को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। साथ ही महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आरएससीआईटी, आरएससीएफए एवं आरएससीएसईपी की जानकारी भी दी।पीईओ शांति डोम ने छात्राओं से कहा कि वे अपने ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की मित्रता अनुरोध स्वीकार करने से बचें। उन्होंने मोबाइल, इंटरनेट एवं लैपटॉप का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की।साथिन संगीता चौधरी एवं दरिया (मोकलसर) ने भी ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन एवं पुलिस को सूचना देने की सलाह दी।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सांवलराम, दीपाराम चौधरी, इंद्रप्रकाश सोनी, मीनाक्षी पंडित सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
