बालोतरा को हवाई सेवा से जोड़ने की मांग, विधायक हमीर सिंह भायल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को लिखा पत्र
सिवाना/बालोतरा, 25 जुलाई।
सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर बालोतरा जिले को हवाई सेवा से जोड़ने की मांग की है। विधायक ने पत्र में बालोतरा के तिलवाड़ा हवाई पट्टी से नियमित हवाई सेवाएं शुरू कराने का अनुरोध करते हुए इसे क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक एवं पर्यटन विकास के लिए आवश्यक बताया है।
विधायक भायल ने पत्र में उल्लेख किया कि हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा बालोतरा के पचपदरा में विश्वस्तरीय एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन किया गया है। इसके बाद जिले का औद्योगिक महत्व तेजी से बढ़ा है। बालोतरा रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल, टेक्सटाइल हब, व्यापार, धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है, ऐसे में जिले को हवाई सेवा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बालोतरा के लोगों को हवाई यात्रा के लिए जोधपुर जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त खपत होती है। यदि तिलवाड़ा हवाई पट्टी से उड़ानें शुरू होती हैं तो उद्योगपतियों, व्यापारियों, निवेशकों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पत्र में यह भी बताया गया कि तिलवाड़ा क्षेत्र में ब्रिटिश काल से हवाई पट्टी मौजूद है तथा मानक के अनुरूप पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जिससे यहां हवाई सेवा शुरू करना व्यवहारिक और संभव है।
विधायक भायल ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बालोतरा जिले की तिलवाड़ा हवाई पट्टी से शीघ्र हवाई सेवाएं प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।
