ग्रामीणों ने बताया राहत का माध्यम बने शिविर, योजनाओं का लाभ मिल रहा सीधे पात्रों तक,
गांव के द्वार पहुंचा प्रशासन, सेवा शिविरों से मिल रहा समस्याओं का त्वरित समाधान
बालोतरा, 18 जून। राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी ग्रामीण सेवा शिविर-2026 गुरुवार को सिवाना उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोलिया भायलान में आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिली।
शिविर का निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी सिवाना सुरेन्द्र सिंह खंगारोत ने किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति, प्राप्त आवेदनों के निस्तारण तथा आमजन को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से उनकी कई आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण हो रही हैं, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है। ग्रामीणों ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी भी आसानी से प्राप्त हो रही है।
लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजस्थान सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा शिविर में उपस्थित अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर वास्तव में जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।
उपखण्ड अधिकारी खंगारोत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के और निकट लाना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीण सेवा शिविर इसी सोच को साकार कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण सेवा शिविर में तहसीलदार रायचंद देवासी, सरपंच प्रतिनिधि मोहन कंवर, समाजसेवी गणपत सिंह भायल, ग्राम विकास अधिकारी गणपत सिंह राजपुरोहित, शिक्षा विभाग से एसीबीईओ महेंद्रसिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
