बालोतरा पुलिस का बड़ा एक्शन: 31.75 लाख के 127 गुमशुदा मोबाइल बरामद
31.75 लाख के 127 गुमशुदा मोबाइल बरामद, बालोतरा पुलिस की बड़ी सफलता ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत कार्रवाई, मोबाइल लौटाए तो मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
बालोतरा। जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत बालोतरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 127 गुमशुदा मोबाइल हैंडसेट बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 31 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बालोतरा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक रमेश (आईपीएस) ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए जिले में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत साइबर सेल बालोतरा एवं जिले के सभी पुलिस थानों की टीमों ने गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर उनकी रिकवरी के लिए प्रभावी कार्रवाई की।
पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों एवं सीमावर्ती राज्यों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। संबंधित पुलिस थानों से समन्वय स्थापित करते हुए कुल 127 मोबाइल हैंडसेट बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 31.75 लाख रुपए आंकी गई है।
बरामद किए गए मोबाइलों को तकनीकी प्रक्रिया के तहत अनब्लॉक कर वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बालोतरा पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
अभियान के दौरान पुलिस थाना बालोतरा की टीम ने सर्वाधिक 53 मोबाइल रिकवर कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। मोबाइल बरामदगी अभियान में सुरेंद्र सिंह कांस्टेबल एवं छगनलाल कांस्टेबल (साइबर सेल बालोतरा), घनश्याम कांस्टेबल (थाना बालोतरा) तथा भैराराम कांस्टेबल (साइबर थाना बालोतरा) की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन अपने मोबाइल गुम होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाएं, जिससे मोबाइल की शीघ्र ट्रैकिंग एवं बरामदगी संभव हो सके।
