सफलता की कहानी
ग्रामीण सेवा शिविर में मिली राहत की सौगात, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से मिला आर्थिक संबल
बालोतरा, 18 जून। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए राहत और संबल का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम पंचायत भलरों का बाड़ा की निवासी पारस कंवर के लिए भी यह शिविर नई उम्मीद और आर्थिक राहत लेकर आया।
पारस कंवर, जो एक एकल नारी एवं अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखती हैं, ने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह हो चुका था, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह में हुए खर्च का बोझ परिवार पर बना हुआ था। उन्हें मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की जानकारी नहीं थी और इस कारण वे योजना के लाभ से वंचित थीं।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान जब उन्होंने ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित जनकल्याण शिविर का भ्रमण किया, तब विकास अधिकारी करनाराम पटेल तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, समदड़ी के वरिष्ठ सहायक चेनाराम चौहान ने उन्हें मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विधवा एवं पात्र महिलाओं की पुत्रियों के विवाह पर राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
शिविर में ही उनके प्रकरण का परीक्षण किया गया तथा पात्र पाए जाने पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत 41 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई। सहायता राशि की स्वीकृति मिलने पर पारस कंवर की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने बताया कि यह आर्थिक सहायता उनके लिए बहुत बड़ा संबल है और इससे परिवार को आर्थिक राहत मिलेगी।
पारस कंवर ने भावुक होकर कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान इतनी सहजता और त्वरित रूप से हो जाएगा। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उन्हें न केवल योजना की जानकारी मिली, बल्कि उसी दिन सहायता राशि की स्वीकृति भी प्राप्त हो गई। उन्होंने राजस्थान सरकार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधायक हमीर सिंह भायल तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं वास्तव में गरीब, जरूरतमंद और असहाय परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
