बालोतरा, 18 जून। जिले के प्रभारी सचिव हरजीलाल अटल ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर प्रभारी सचिव हरजीलाल अटल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने आमजन से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में अधिकाधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि आगामी 21 जून को जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम प्रसिद्ध नाकोड़ा तीर्थ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा आमजन की सहभागिता रहेगी। उन्होंने कहा कि योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
पोस्टर विमोचन के दौरान अधिकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम बताया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के सहायक निदेशक डॉ नेमसिंह राजपुरोहित समेत सभी विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
