बालोतरा, 05 जुन। सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा शुक्रवार से विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत जिला बालोतरा में नियमों के विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए पहले ही दिन 28 वाहनों पर चालान की कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में काली फिल्म लगे वाहन, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, हूटर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न तथा मॉडिफाइड वाहनों को विशेष रूप से जांच के दायरे में लिया गया। उन्होंने कहा कि नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम करीब आठ घंटे तक हाईवे और प्रमुख मार्गों पर तैनात रही। जांच के दौरान फैंसी एवं दबंगई दर्शाने वाली नंबर प्लेट, विंडस्क्रीन पर लिखे अनाधिकृत शब्द, स्टिकर तथा अन्य अवैध संशोधनों को मौके पर ही हटवाया गया। साथ ही संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान भी बनाए गए। उन्होने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। उन्होंने सभी वाहन मालिकों और चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों का संचालन परिवहन विभाग के नियमों के अनुरूप करें। वाहनों पर काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, फैंसी नंबर प्लेट अथवा किसी भी प्रकार के अनधिकृत संशोधन का उपयोग न करें। साथ ही वाहन की विंडस्क्रीन पर अनधिकृत शब्द, पदनाम या स्टिकर अंकित करने से बचें। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
