सिवाना को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व पेयजल में राजस्थान का अग्रणी क्षेत्र बनाना लक्ष्य : विधायक हमीर सिंह भायल
शाइन टुडे @ सिवाना न्यूज: 6 जून 2026
सिवाना विधानसभा क्षेत्र के मिठोड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर नव स्वीकृत उप स्वास्थ्य केंद्र एवं अटल पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक हमीर सिंह भायल ने क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सिवाना को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल सुविधाओं के क्षेत्र में राजस्थान का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका संकल्प है।
मिठोड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हमीरसिंह भायल ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए उप जिला अस्पताल सिवाना एवं समदड़ी के भवन निर्माण, नवीन उप स्वास्थ्य केंद्रों, लेबर रूम तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण हेतु करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं और अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क तंत्र को मजबूत बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। वहीं अटल पथ योजना के तहत समदड़ी, पादरू, करमावास, इंद्राणा एवं मिठोड़ा सहित विभिन्न गांवों में तीन-तीन करोड़ रुपये की लागत से गलियों में पक्की सीसी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
विधायक भायल ने कहा कि क्षेत्र में लगभग 12 से अधिक स्थानों पर नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण 50-50 लाख रुपये से अधिक की लागत से कराया जा रहा है। मिठोड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर भी पुराने उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए 50 लाख रुपये की लागत से नए भवन का निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि गणपतसिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मिसराराम, सुमेरसिंह, कानसिंह, छैलसिंह, मफतलाल, डॉ. नारायणसिंह, हनवंतसिंह भाटी, फौजाराम माली, नगसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
