विधायक डॉ. अरुण चौधरी के जन्मदिवस पर विधानसभा क्षेत्र में हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
बालोतरा, 5 जून। पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी के 51वें जन्मदिवस एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र पचपदरा में सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत गंगावास स्थित गंगावास तालाब पर आयोजित जिला स्तरीय “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” कार्यक्रम में विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। साथ ही आमजन से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं जल बचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. चौधरी ने कहा कि जल एवं पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
जन्मदिवस के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के मंडली, कल्याणपुर, नागाणा, उमरलाई, पचपदरा एवं बालोतरा शहर सहित विभिन्न गांवों और कस्बों में सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। विभिन्न स्थानों पर समर्थकों एवं आमजन के साथ विधायक ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। वहीं गौमाताओं को गुड़ एवं हरा चारा खिलाकर गौसेवा का संदेश भी दिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों द्वारा विधायक का साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिला शक्ति तथा आमजन उपस्थित रहे।
