महंगाई, पेपर लीक और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
सिवाना। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सिवाना एवं सिणधरी की संयुक्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में देश-प्रदेश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के बढ़ते दाम, नीट पेपर लीक प्रकरण, बिजली-पानी संकट, खराब सड़कों तथा सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्थाओं के विरोध में सिवाना में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपखण्ड अधिकारी सिवाना को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुनील परिहार ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश और प्रदेश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहे हैं। लगातार बढ़ती महंगाई ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से मध्यम एवं गरीब वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक प्रकरण ने लाखों युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिससे अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं सिवाना विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट, अनियमित बिजली आपूर्ति, जर्जर सड़कें तथा सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों, दवाइयों और आवश्यक संसाधनों की कमी से आमजन परेशान हैं।
परिहार ने कहा कि कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से चिरंजीवी योजना एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की लोकहितकारी योजनाओं को लोग आज भी याद कर रहे हैं। वर्तमान सरकार आमजन की मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार समय रहते महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक व्यापक जनआंदोलन करेगी।
ये रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सुनील परिहार, सिवाना विधानसभा प्रभारी राकेश चौधरी, सिवाना ब्लॉक अध्यक्ष गोकाराम मेघवाल, सिणधरी ब्लॉक अध्यक्ष जेठाराम प्रजापत, महिला जिला अध्यक्ष गरिमा राजपुरोहित, सिवाना नगर अध्यक्ष चंदन सिंह राजपुरोहित, समदड़ी नगर अध्यक्ष कानाराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष छगन सिंह राजपुरोहित, पूर्व जिला परिषद सदस्य शंकर सिंह राजपुरोहित, पूर्व पंचायत समिति सदस्य छगनलाल गहलोत, पूर्व प्रधान मोहन सिंह दांखा, पूर्व उपसरपंच रमेश सांखला, फिरोज खान पठान, राजेंद्र सिंह चंपावत, कमलेश गहलोत, रामचंद्र सुथार, मूलाराम मेघवाल, सरपंच चंपालाल मेघवाल, नरेंद्र सिंह, मंगलाराम मेघवाल, देवी सिंह राजपुरोहित, जाकिर हुसैन पठान, घेवरचंद प्रजापत, सोमाराम भील, रोशन खान, दिलावर खान, पुरेश देवासी, लछीराम माली, दौलाराम माली, मौलवी कमरुद्दीन, महिपाल सिंह चारण, दिनेश कच्छवाहा, भंवरलाल जिनगर, किशनाराम माली सहित सिवाना विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
