समदड़ी। निकटवर्ती लालाना ग्राम पंचायत स्थित सुभद्रा माताजी एवं श्री मामाजी महाराज के धाम पर ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। त्रयोदशी के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे और माताजी व मामाजी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तों की आवाजाही से गुलजार रहा तथा यहां मेले जैसा माहौल बना रहा।
मंदिर में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। इस अवसर पर सुभद्रा माताजी एवं श्री मामाजी महाराज की प्रतिमाओं का विशेष पूजन कर नवीन वस्त्र एवं फूल-मालाओं से आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधिवत महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वहीं भेराराम तरक परिवार द्वारा शुभ वेला में ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ मामाजी महाराज की घोड़िया चढ़ाई गई। मंदिर परिसर “जय मामाजी महाराज” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने धोक लगाकर प्रसाद अर्पित किया तथा परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
त्रयोदशी के अवसर पर आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी सैकड़ों श्रद्धालु धाम पहुंचे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गईं, जिनमें स्थानीय ग्रामीणों एवं सेवाभावी लोगों ने सहयोग प्रदान किया।
इस दौरान मंदिर गादीपति महंत भुवनेश्वर पुरी महाराज ने श्रद्धालुओं को गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाते हुए धर्म के मार्ग पर अग्रसर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
