बालोतरा में अपराध समीक्षा गोष्ठी: कानून-व्यवस्था पर सख्ती, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
पुलिस अधीक्षक रमेश आईपीएस ने बालोतरा में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
शाइन टुडे न्यूज / 05 मई 2026: पुलिस अधीक्षक कार्यालय बालोतरा में पुलिस अधीक्षक रमेश (आईपीएस) की अध्यक्षता में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, जन-सुरक्षा एवं पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर पर संचालित विशेष अभियानों की समीक्षा करते हुए सभी टीमों को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की पैन्डेसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप लाने तथा संगठित एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।
बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध अनुसंधान एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए “ऑपरेशन विषभंजन” को तेज करने तथा “ऑपरेशन विषदमन” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश देने पर बल दिया गया।
पोक्सो एक्ट, बलात्कार सहित गंभीर अपराधों में गुणवत्तापूर्ण जांच एवं त्वरित निस्तारण, वहीं साइबर अपराधों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। पुलिस प्राथमिकता-2026 की प्रभावी पालना, अवैध खनन पर सख्ती, लोकल एवं स्पेशल एक्ट के तहत अधिक कार्रवाई तथा इनामी व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए।
संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए “ऑपरेशन अश्ववेग” के तहत रणनीति बनाकर कार्य करने, चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु रात्रिकालीन गश्त को मजबूत करने तथा बीट तंत्र को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए एमवी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई, यातायात व्यवस्था सुधारने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मालखानों में लंबित माल के निस्तारण, रिकॉर्ड को अपडेट रखने, गिरफ्तार आरोपियों के फिंगरप्रिंट एवं डिजिटल रिकॉर्ड संधारण पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले परिवादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह (आरपीएस), वृताधिकारी सिवाना देरावर सिंह (आरपीएस), वृताधिकारी बालोतरा अनिल पुरोहित (आरपीएस), वृताधिकारी गुड़ामालानी सुखाराम (आरपीएस) सहित जिले के सभी थानाधिकारी उपस्थित रहे।
