ग्राम रथ यात्रा का शुभारंभ, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान: भायल
सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने ग्राम पंचायत सिनेर से राजस्थान सरकार की ग्राम रथ यात्रा का शुभारंभ करते हुए आमजन से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।
राजस्थान सरकार की ग्राम रथ यात्रा का शुभारंभ ग्राम पंचायत सिनेर, पंचायत समिति सिवाना से किया गया। इस अवसर पर सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
ग्राम पंचायत सिनेर और अन्नपूर्णा नगर में आयोजित सामूहिक बैठक में विधायक भायल ने स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ संवाद किया। इस दौरान सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए सड़क, चिकित्सा, शिक्षा और पेयजल क्षेत्र में हुए कार्यों पर प्रकाश डाला गया।
इसके साथ ही किसानों को कृषि से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिनेर की सरपंच श्रीमती तार कंवर, अन्नपूर्णा नगर के सरपंच चौथा राम सहित सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
