जनहित कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही बर्दाश्त नहीं – विधायक हमीर सिंह भायल
शाइन टुडे /सिणधरी/ 5 मई 2026:
सिणधरी उपखंड में आयोजित समीक्षा बैठक में सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
सिणधरी उपखंड क्षेत्र में सिवाना विधानसभा के विधायक हमीर सिंह भायल ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पेयजल, शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, खनिज, पुलिस, वन विभाग, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, सहकारिता, कृषि, समाज कल्याण, विकास विभाग एवं भू-संरक्षण सहित सभी विभागों के कार्यों का जायजा लिया गया।
विधायक भायल ने स्पष्ट रूप से कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों के सुझाव भी लिए और अधिकारियों को उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
विशेष रूप से पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सुधारने के साथ ही सिणधरी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सिणधरी नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
विधायक ने अवैध बजरी खनन पर सख्ती बरतने और नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि नहीं होने देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारी को निर्देशित किया कि बैठक में अनुपस्थित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
भायल ने अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने, समय पर बिजली, पानी और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पदस्थापन स्थल पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यक होने पर उच्च अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान के प्रयास करने की बात भी कही।
बैठक में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, पेयजल विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि जबर सिंह, मितेश यति, पवन लक्ष्कार, विष्णुपाल सिंह, जालम सिंह, रामा राम, जयराम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
