दिव्यांग लीला कंवर ने पैरों से बनाया चित्र, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 75वां जन्मदिन मनाया
शाइन टुडे @बाड़मेर न्यूज: शारीरिक चुनौतियों के बावजूद हौसलों की मिसाल पेश करते हुए दिव्यांग युवती लीला कंवर ने अपने पैरों से चित्र बनाकर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 75वां जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी समस्याओं और हालात से भी अवगत कराया।
बाड़मेर जिले के हापो की ढाणी निवासी लीला कंवर, जो दोनों हाथों से दिव्यांग हैं, ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए पैरों से सुंदर चित्र तैयार किया। उन्होंने यह चित्र पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिन के अवसर पर बनाकर केक काटते हुए जन्मदिन मनाया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लीला कंवर से मोबाइल पर वीडियो कॉल वार्तालाप कर दिव्यांग के साथ हुई घटना के बारे में जानकारी ली और लाली कंवर को बी.ए. पास करने पर बधाई दी ओर मदद करने की बात कही। पूर्व मुख्यमंत्री से लीला कंवर ने कहा कि मेरा बीएसटीसी में सिलेक्शन हो गया था मगर दोनों हाथों से दिव्यांग होने के प्रवेश नहीं मिला।
प्रशासन से सहायता की मांग
लाली कंवर ने बताया कि वर्ष 2013 में हुए एक विद्युत हादसे के कारण उन्होंने अपने दोनों हाथ खो दिए थे, जिसके बाद से उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा है। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पैरों से लिखना व चित्र बनाना सीख लिया।
इस मौके पर उन्होंने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं रोजगार की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि उन्हें कंप्यूटर का ज्ञान है, लेकिन शारीरिक स्थिति के कारण रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। साथ ही आधार कार्ड से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लीला कंवर ने मुख्यमंत्री सहायता कोष एवं अन्य योजनाओं के तहत मदद की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें उचित सहयोग मिले तो वह आत्मनिर्भर बनकर अपना जीवन बेहतर तरीके से जी सकती हैं।
लीला कंवर की यह पहल न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति से हर बाधा को पार किया जा सकता है।
