बालोतरा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालोतरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध बजरी से भरे चार डंपरों को जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान:
बालोतरा पुलिस अधीक्षक रमेश (आईपीएस) ने बताया कि जिले में अवैध खनन के कारोबारियों पर नकेल कसने और संदिग्ध ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह (आरपीएस) और पचपदरा के वृताधिकारी विकास कुमार (आरपीएस) के सुपरविजन में कल्याणपुर थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और डीएसटी बालोतरा ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सरहद पिण्डारण में पकड़े गए वाहन:
पुलिस टीम को 28 अप्रैल को सूचना मिली कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सरहद पिण्डारण में अवैध बजरी का परिवहन हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने चार डंपरों को रुकवाकर कागजात मांगे, तो चालक कोई भी वैध रवन्ना या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके।
आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
अवैध खनन व परिवहन के आरोप में पुलिस ने चालक गफुर खां, मदनलाल, चुतराराम और भंवराराम को गिरफ्तार कर लिया है। इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 303(2), 112(2) एवं एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इन आरोपियों से बजरी खनन और परिवहन के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में डीएसटी बालोतरा और कल्याणपुर पुलिस टीम के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
