सिलोर में ग्राम रथ के जरिए पहुंची विकास की राह, कला जत्थों की प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों को किया मंत्रमुग्ध
बालोतरा, 29 अप्रैल। राजस्थान सरकार की योजनओं को ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाने को बालोतरा जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत सिलोर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिलोर के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
एलईडी वैन पर योजनाओं का सीधा प्रसारण
निर्धारित समय सुबह 8ः30 बजे जैसे ही ग्राम रथ सिलोर पहुँचा, ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। रथ पर लगी विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कृषि, पशुपालन, डेयरी, और ग्रामीण विकास सहित कुल 13 विभागों की प्रमुख योजनाओं का जीवंत प्रसारण किया गया। ग्रामीणों ने डिजिटल माध्यम से मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी सुना।
कला जत्थों ने लोक शैली में बिखेरे जागरूकता के रंग
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रथ के साथ आए कला जत्थे रहे। स्थानीय लोक कलाकारों ने गीतों, भजनों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मनोरंजन करते हुए ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ और आवेदन की प्रक्रिया समझाई। कला जत्थों की इन प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया और संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।
साहित्य वितरण और सुझाव संकलन
इस अवसर पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका और प्रचार सामग्री का वितरण किया। ग्रामीणों के सुझाव और फीडबैक लेने के लिए रथ के साथ विशेष सुझाव पेटिका भी रखी गई थी, जिसमें स्थानीय लोगों ने अपनी राय साझा की।
अधिकारियों ने लिया फीडबैक
कार्यक्रम के दौरान रथ प्रभारियों और विकास अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सरकार की योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों और अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ फोटो एवं वीडियो भी साझा किए।
