ग्राम रथ पहुंचा जेठन्तरी - लोक कला, डिजिटल प्रस्तुति और जनसंवाद से योजनाओं की मिली विस्तृत जानकारी
बालोतरा, 29 अप्रैल। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से बालोतरा जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत जेठन्तरी में उत्साहपूर्ण और आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जेठन्तरी के प्रांगण में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। ग्राम रथ के जेठन्तरी पहुँचते ही ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान 13 विभागों की प्रमुख योजनाओं का डिजिटल माध्यम से जीवंत प्रसारण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आमजन से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों ने गीत, भजन और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने जहां ग्रामीणों का मनोरंजन किया, वहीं योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका एवं प्रचार सामग्री वितरित कर उन्हें जागरूक किया।
ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम रथ के साथ विशेष सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें ग्रामीणों ने अपने सुझाव और फीडबैक दर्ज कराए। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुँचाकर उसे लाभ से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार नारायण राम देवासी, सहायक विकास अधिकारी मुकेश कुमार भारद्वाज, ग्राम विकास अधिकारी दिनेश कुमार बोराना, प्रधानाचार्य सुशील कुमार शर्मा, कृषि पर्यवेक्षक चंद्राराम, पशु चिकित्सा अधिकारी राजेन्द्र सिंह, सहायक हुकमाराम मेघवाल, हल्का पटवारी अमित शर्मा, ई-मित्र संचालक राजेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
