सिवाना: कृषि फार्म पर युवक का संदिग्ध अवस्था में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
उपखंड क्षेत्र के मैली गांव में सोमवार सुबह एक कृषि फार्म पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान और गले में सूजन मिलने के कारण परिजनों ने षड्यंत्र के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला: रविवार को मां को छोड़ने निकला था युवक मृतक के भाई पारसराम भील (निवासी खेड़ा खिंदावड़ा, कुशीप) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई मोहनराम रविवार सुबह करीब 11 बजे अपनी मां को मोटरसाइकिल से लेकर सिवाना के लिए निकला था। दोपहर 1 बजे मां को सिवाना छोड़ने के बाद उसने पेट्रोल भरवाने की बात कही, लेकिन उसके बाद से वह लापता हो गया और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा।
संदिग्ध फोन कॉल से खुला राज: सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे मृतक के चचेरे भाई देवाराम के पास मोहनराम के ही नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को विंजाराम (निवासी किटनोद) बताया और कहा कि मोहनराम, मैली क्षेत्र में चौधरी के बेरे पर दानाराम भील के छपरे के आगे सोया हुआ है और बोल नहीं रहा है, उसे आकर ले जाओ। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने मोहनराम को चारपाई पर मृत अवस्था में पाया। परिजनों के अनुसार मृतक के गले पर सूजन थी और आंखें बाहर निकली हुई थीं, परिजनों ने शव की स्थिति को देखते हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने रिपोर्ट में तीन लोगों पर हत्या के षड्यंत्र का आरोप भी लगाया हैं घटना के बाद दानाराम घर से गायब मिला। खेत मालिक आम्बाराम चौधरी ने भी उसे सुबह जल्दी घर से बाहर जाते हुए देखने की पुष्टि की है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही कुशीप गांव के पूर्व सरपंच हुकम सिंह खिंची और सिवाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का बयान: सिवाना थाने के एएसआई चैलसिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की सघन जांच जारी है।
